छत्तीसगढ़ स्टेट वेयर हाउसिंग कापोर्रेशन राज्य में बनाएगा 1500 आधुनिक राशन दुकान सह गोदाम
रायपुर
छत्तीसगढ़ स्टेट वेयर हाउसिंग कापोर्रेशन पूरे प्रदेश में आधुनिक सुविधाओं के साथ 1500 राशन दुकान सह गोदाम का निर्माण करेगा। इस संबंध में प्रस्ताव तैयार किया गया है और इनके निर्माण पर लगभग 600 करोड़ रुपये खर्च होने का प्रस्तावित है। शासन से मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
स्टेट वेयर हाउसिंग कापोर्रेशन के चेयरमैन अरुण वोरा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में कापोर्रेशन ने प्रस्ताव तैयार किया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को इस प्रस्ताव के संबंध में अवगत कराने के बाद सहमति मिलने पर राशन दुकान सह गोदाम का निर्माण शुरू किया जाएगा। पूरे प्रदेश में आवश्यकता वाले स्थानों पर राशन दुकान सह गोदाम की सुविधा होने से पीडीएस का राशन लोगों को समय पर मिल सकेगा। दुकान सह गोदाम का निर्माण आधुनिक सुविधाओं के साथ किया जाएगा। इन दुकानों में पर्याप्त भंडारण की व्यवस्था रहेगी। सरकारी उचित मूल्य की दुकानों में मिलने वाले राशन के अलावा अतिरिक्त दुकान के निर्माण का प्रस्ताव भी है, ताकि लोगों को अन्य खाद्य सामग्री भी उपलब्ध हो सके। पार्किंग सुविधा के साथ अन्य जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
कापोर्रेशन के एमडी अभिनव अग्रवाल ने बताया कि पिछले माह बोर्ड आफ डायरेक्टर की बैठक में इसकी डिजाइन में कुछ बदलाव करने कहा गया है। पूर्व में कुल लागत लगभग सात सौ करोड़ रुपये रुपए का अनुमान था। डिजाइन में बदलाव से कुल लागत में लगभग सौ करोड़ रुपए की कमी आने की संभावना है। डिजाइन में बदलाव के बाद रिवाइज्ड इस्टीमेट विभाग को भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद नाबार्ड से लोन लेकर निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
#छत्तीसगढ़ स्टेट वेयर हाउसिंग#गोदाम

पाठको की राय